बिलासपुर

अवैध नशा और हथियार तस्करी गिरोह पर बिलासपुर पुलिस का करारा प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार

लोकेशन – बिलासपुर
रिपोर्टर – जय ठाकुर

बिलासपुर जिले में अवैध नशे के कारोबार और अवैध हथियारों की अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में नशीली दवाइयों की भारी खेप के साथ ऑटोमेटिक हथियार और जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर थाना सिविल लाइन, थाना तारबाहर और लाइन बल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने मिनीबस्ती क्षेत्र में रेड और सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मिनीबस्ती जरहाभाठा निवासी स्वराज कुर्रे (20 वर्ष) के घर की तलाशी ली गई, जहां से करीब 1100 नग प्रतिबंधित नशीली गोलियां (नाइट्राजेपाम) बरामद की गईं।

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के कब्जे से दो ऑटोमेटिक पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस, चार मैग्जीन, एक धारदार चाकू और एक जुपीटर स्कूटी भी मिली, जिसे मौके पर ही जप्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी स्वराज कुर्रे ने खुलासा किया कि अवैध हथियारों की सप्लाई भोपाल निवासी धीरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा की जाती थी। जांच में सामने आया कि धीरेन्द्र तोमर पहले भी बिलासपुर में हथियार सप्लाई के मामलों में संलिप्त रहा है और लंबे समय से फरार चल रहा था।

सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम को भोपाल रवाना किया गया, जहां से आरोपी धीरेन्द्र सिंह तोमर (37 वर्ष) को एक पिस्टल और दो मैग्जीन के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, वहीं धीरेन्द्र तोमर को पुलिस रिमांड पर लेकर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button