
रिपोर्टर जय ठाकुर / लोकेशन: बिलासपुर
बिलासपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और रोकथाम के लिए यातायात पुलिस ने जिले के प्रमुख दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) का संयुक्त निरीक्षण किया। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में और रजनेश सिंह के निर्देशानुसार की गई।


निरीक्षण के दौरान टीम ने थाना तखतपुर क्षेत्र के ग्राम खपरी स्थित दैजा-बीजा मोड़, चौकी जूनापारा अंतर्गत धौरा कछार, थाना कोटा क्षेत्र के अमने मोड़, चौकी बेलगहना और केंदा पुलिस सहायता केंद्र के अंतर्गत ब्लैक स्पॉट का अवलोकन किया। इन क्षेत्रों में दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा कर सुरक्षा सुधार के लिए विस्तृत प्रतिवेदन संबंधित विभागों को भेजा गया।
निरीक्षण में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से सुरक्षा उपायों का मूल्यांकन किया गया। पुलिस ने इन स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था, सूचना बोर्ड, गति सीमा संकेतक, अंधे मोड़ के चिन्ह, रेडियम रिफ्लेक्टर, रंबल स्ट्रिप, कैट आई और ब्लिंकर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही संकीर्ण मार्गों और चौराहों का विस्तार, अतिक्रमण हटाने और पेड़ों की छंटाई जैसे उपाय भी लागू करने को कहा गया।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और हादसों में कमी लाई जा सके।




