बिलासपुर को मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा: टेलीफोन एक्सचेंज पहुंच मार्ग के लिए 5.11 करोड़ रुपए मंजूर, 3.29 किमी सड़क का होगा निर्माण

राज्य शासन ने बिलासपुर शहर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। बिलासपुर में टेलीफोन एक्सचेंज पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए राज्य शासन द्वारा 5 करोड़ 10 लाख 59 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस स्वीकृत राशि से कुल 3.29 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन और यातायात व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
यह स्वीकृति उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद प्रदान की गई है। अनुमोदन के पश्चात मंत्रालय स्तर से लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति के संबंध में परिपत्र जारी कर दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने निर्माण कार्य को लेकर स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सड़क निर्माण में उपयोग की जाने वाली सभी सामग्रियों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और कार्य के हर चरण में मानकों का पूरी तरह पालन हो। यदि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को निर्देशित किया है कि परियोजना की निविदा प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाए तथा निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुरूप और मितव्ययिता के साथ संपादित हो। साथ ही, विभाग ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि निर्माण एजेंसी द्वारा अनुबंधित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए।
शासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण कार्य के लिए अनावश्यक रूप से समय-सीमा में वृद्धि नहीं की जाएगी। केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर के मान्य कारणों की स्थिति में ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा बढ़ाने की अनुमति दी जा सकेगी।
इस सड़क के निर्माण से टेलीफोन एक्सचेंज सहित आसपास के क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय नागरिकों, कर्मचारियों और वाहनों की आवाजाही सुगम होगी, साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास और यातायात व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।




