बिलासपुर में बर्ड फ्लू की दस्तक, 22 हजार मुर्गियां नष्ट; 10 किमी दायरे में पोल्ट्री बिक्री पर रोक

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि के बाद प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सख्त कदम उठाए हैं। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र में 22 हजार से अधिक मुर्गियों को मार दिया गया है, साथ ही हजारों अंडों और बड़ी मात्रा में दाने को भी नष्ट किया गया है।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र के 10 किलोमीटर के दायरे में पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। वहीं, स्थिति पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संक्रमित मुर्गियों के सैंपल की जांच के बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई, जिसके बाद त्वरित प्रतिक्रिया दल बनाकर पूरे क्षेत्र में कार्रवाई की गई। पोल्ट्री फार्मों की निगरानी बढ़ा दी गई है और पशुपालकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति या मृत पक्षियों की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते संक्रमण को नियंत्रित किया जा सके।




