पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश में बिश्नोई गैंग का गुर्गा अशोक बिश्नोई घायल, असम से हुआ था गिरफ्तार

दाहोद (गुजरात)
गुजरात के दाहोद जिले में नए साल से ठीक पहले पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। बिश्नोई गैंग के सक्रिय गुर्गे अशोक बिश्नोई को पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की गोली लगी है। यह घटना उस समय हुई जब स्टेट मॉनिटरिंग सेल की टीम उसे असम से गिरफ्तार कर गांधीनगर ले जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अशोक बिश्नोई को असम से गिरफ्तार करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर गुजरात लाया जा रहा था। जब पुलिस का काफिला दाहोद के पास पहुंचा, तभी आरोपी ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया और हथकड़ी खोलकर भागने की कोशिश की। हालात को काबू में करने और आत्मरक्षा के तहत पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अशोक बिश्नोई पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की हालत फिलहाल स्थिर है।
अशोक बिश्नोई पर गुजरात समेत कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे बिश्नोई गैंग के नेटवर्क, हथियार सप्लाई और फरारी में मदद करने वालों को लेकर पूछताछ करेगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।




