जांजगीर-चांपा

जांजगीर में केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के आगमन को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारियां, जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

संवाददाता:-जय ठाकुर
लोकेशन:-जांजगीर–चांपा

जांजगीर–चांपा जिले में भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय मंत्री जगतप्रकाश नड्डा के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर के पदाधिकारी, मंडल प्रभारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले इस बड़े कार्यक्रम की मेजबानी जांजगीर जिले को मिली है, जो जिलेवासियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के स्वागत को ऐतिहासिक और जोशपूर्ण बनाया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी तेरह मंडलों के प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास कर अधिक से अधिक संख्या में आम जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री बनने के बाद जे.पी. नड्डा का यह पहला जांजगीर दौरा है, जो जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने की खुशी में आयोजित यह कार्यक्रम पूरी तरह सरकारी है, जिसकी तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन से प्रारंभिक चर्चा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस विशाल जनसभा में करीब 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिसे स्वयं श्री नड्डा संबोधित करेंगे।

खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि कार्यक्रम में अब केवल एक सप्ताह का समय शेष है, ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को पूरी तत्परता के साथ जुट जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव, जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश चौधरी सहित प्रदेश के सभी बड़े नेता, मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी इस विशाल जनसभा में शामिल होंगे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल तक लोगों को लाने के लिए वाहनों की समुचित व्यवस्था और प्रभारी नियुक्त करने की बात भी कही।

बैठक में सौरभ सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर भी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि देश में अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान कर उन्हें मतदाता सूची से हटाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बीएलए-2 और कार्यकर्ताओं से फार्म 6, 7 और 8 के माध्यम से मतदाता सूची को शुद्ध करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इसी दौरान छत्तीसगढ़ प्रभारी और बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर जिलेभर के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, वरिष्ठ नेता नारायण चंदेल और सौरभ सिंह ने इसे छत्तीसगढ़ संगठन के लिए गर्व का क्षण बताया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय जांजगीर और अकलतरा चौक में आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की तथा केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक में पूर्व सांसद कमला पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, जिला महामंत्री नंदनी रजवाड़े, जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिला प्रवक्ता विकास शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button