राजनीति

भाजपा कार्यालय बना जनसमस्याओं का समाधान केंद्र, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुनीं 500 से अधिक शिकायतें

रायपुर

भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित सहयोग केंद्र बुधवार को जनसमस्याओं के समाधान का प्रमुख मंच बन गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने पहुंचे थे, लेकिन आम नागरिकों की भारी भीड़ भी अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंच गई।
दोपहर करीब 3 बजे सहयोग केंद्र पहुंचे उप मुख्यमंत्री देर शाम तक लोगों से घिरे रहे। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन ने अपनी समस्याएं सीधे उनके सामने रखीं।
500 से ज्यादा आवेदन, मौके पर दिए निर्देश
सहयोग केंद्र में कुल 500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को फोन कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
लोगों ने सड़क निर्माण, पंचायत भवन की सुविधा, फर्जी नियुक्ति और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे उठाए।
गांव वालों की सड़क निर्माण की मांग
अंबागढ़ चौकी के ग्राम सिंघाभेड़ी के सरपंच और ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की मांग रखी।
सरपंच ने बताया कि इंदिरा आवास वार्ड-1 में बरसात के दौरान आवाजाही बेहद मुश्किल हो जाती है। खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने जल्द सीसी रोड निर्माण की मांग की।
नौकरी के नाम पर ठगी का मामला
बालोद जिले के ग्राम उसरवारा से पहुंचे सुपेन्द्र सिंह मंडावी ने नौकरी के नाम पर ठगी की शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि नवा रायपुर के एक व्यक्ति ने रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपए वसूल लिए। आरोप है कि फर्जी नियुक्ति पत्र देकर मेडिकल और ट्रेनिंग की प्रक्रिया भी कराई गई। जब वेतन नहीं मिला, तब ठगी का खुलासा हुआ।
पंचायत भवन में टिन शेड की मांग
ग्राम पंचायत बालोद के ग्रामीणों ने पंचायत भवन के सामने टिन शेड निर्माण के लिए करीब 10 लाख रुपये की मांग रखी। उनका कहना है कि भवन के बाहर छाया की व्यवस्था नहीं होने से पंचायत बैठकों और जनसुनवाई के दौरान लोगों को धूप और बारिश में खड़े रहना पड़ता है।
कार्यकर्ताओं ने विकास के लिए मांगा फंड
कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए शासन से अतिरिक्त फंड की मांग की। ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना सुधार पर जोर दिया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button