दुर्ग में BJP प्रदेश अध्यक्ष का काफिला रोका, सड़क पर हंगामा—रजिस्ट्री शुल्क बढ़ोतरी के विरोध में भिड़े प्रदर्शनकारी, पुलिस से झूमाझटकी

दुर्ग
रजिस्ट्री शुल्क और जमीन की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ सोमवार को दुर्ग में बड़ा विरोध प्रदर्शन भड़का। इसी दौरान एक निजी कार्यक्रम से लौट रहे BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव का काफिला प्रदर्शन स्थल से गुजर रहा था, जिसे भीड़ ने बीच सड़क पर रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने काफिले को घेरकर नारेबाजी की और शुल्क बढ़ोतरी वापस लेने की मांग पर अड़ गए।
काफिला रुकने से कुछ देर के लिए ट्रैफिक भी बाधित हो गया। पुलिस ने भीड़ हटाने की कोशिश की, जिसके दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी हो गई। भारी मशक्कत के बाद पुलिस ने रास्ता साफ कराया और काफिला आगे ले जाया गया।
कलेक्ट्रेट के बाहर सैकड़ों लोग जमा, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
शुल्क बढ़ोतरी का विरोध कर रहे जमीन कारोबार से जुड़े लोग और आम नागरिक पटेल चौक से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रजिस्ट्री शुल्क और मार्केट वैल्यू में बढ़ोतरी जनता पर सीधा आर्थिक बोझ है और पहले से महंगी रियल एस्टेट पर यह अतिरिक्त भार असहनीय है।

“ज्ञापन लो, शुल्क वापसी करो”—किरण सिंहदेव की गाड़ी के सामने खड़े रहे लोग
प्रदर्शन के मध्य प्रदेश अध्यक्ष का काफिला आते ही माहौल और गर्म हो गया। भीड़ गाड़ी के सामने बैठ गई और कहा कि जब तक ज्ञापन नहीं लिया जाता, काफिला आगे नहीं बढ़ेगा। पुलिस, फॉलो गार्ड और भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को हटाने की कोशिश की, लेकिन वे लगातार हंगामा करते रहे।
पुलिस की कार्रवाई पर आरोप, कहा- “हम शांतिपूर्वक मांग रख रहे थे”
भीड़ हटाने के दौरान हुई धक्का-मुक्की के बाद लोगों ने आरोप लगाया कि वे सिर्फ अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने बल प्रयोग किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि शुल्क बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो आंदोलन पूरे प्रदेश में तेज होगा।
कांग्रेस का तंज—“जनता नाराज है, ऐसे ही हर BJP नेता का स्वागत होगा”
कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनते ही जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा—
“दुर्ग में जो प्रदेश अध्यक्ष के साथ हुआ, वही हाल अब पूरे प्रदेश में बीजेपी नेताओं का होगा। जनता नाराज है, बिजली बिल बढ़ा, अब रजिस्ट्री शुल्क बढ़ा—लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।”




