जांजगीर-चांपा में भाजपा का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा

पखवाड़े भर चलेंगे विविध कार्यक्रम, 10 से 20 अप्रैल तक ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान
जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले में स्थापना दिवस वर्ष 2026 को भव्य एवं उत्साहपूर्ण ढंग से मनाने की तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के सम्मान और आम जनता से जुड़ाव को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में पखवाड़े भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रमों की शुरुआत 10 अप्रैल से 20 अप्रैल तक चलने वाले ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान से होगी। इस अभियान के तहत जनप्रतिनिधि, निगम अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांवों और बस्तियों में पहुंचकर सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा कर आम नागरिकों और लाभार्थियों से संवाद स्थापित करेंगे।
स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के सभी मंडलों, बूथों एवं शक्ति केंद्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रातःकाल पार्टी कार्यालयों एवं प्रमुख स्थलों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। वरिष्ठ नेताओं द्वारा संगठन की विचारधारा एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ परंपरागत रूप से की जाएगी।
इसके अलावा 14 अप्रैल को भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमाओं एवं आसपास के परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही दीपोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाएं और संगठन को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।




