
रिपोर्टर-लाला उपाध्याय/लोकेशन-सक्ती
सक्ती जिले के थाना मालखरौदा क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल के मामले का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
घटना 28 मार्च 2026 की सुबह ग्राम बंदोरा की है, जहां युवक राहुल कुर्मी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतक अपने घर के पास ऑटो धुलाई सेंटर चलाता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जांच में सामने आया कि युवक की कपड़े से गला घोंटकर और ईंट से सिर व चेहरे पर वार कर हत्या की गई है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर इंद्र कुमार गबेल और नारायण यादव को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि पैसों के लेन-देन, मोबाइल के फेसलॉक खोलने और चोरी की शंका को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कपड़ा और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




