डीजे बंद कराने को लेकर खूनी हमला, तीन आरोपी चंद घंटे में गिरफ्तार

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा /लोकेशन- जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले में डीजे बंद कराने को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

मामला थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम बनाहिल का है, जहां शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, 22 फरवरी की रात ग्राम बनाहिल में शादी कार्यक्रम के दौरान डीजे बज रहा था। इसी दौरान दिलीप केवट नामक आरोपी रांपा लेकर मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब प्रार्थी राकेश केवट ने विरोध किया तो आरोपी ने हत्या की नीयत से उसके सिर पर रांपा से वार कर दिया। हमले में राकेश जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद अन्य दो आरोपियों ने भी डंडे से उस पर हमला किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 109 और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना मुलमुला पुलिस टीम की अहम भूमिका रही है।





