सक्ती

सक्ती में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, CCTV में कैद हुई मारपीट: टांगी, चाकू और डंडों से हमला, 10 से ज्यादा लोग भिड़े; दोनों पक्षों पर केस दर्ज

लोकेशन सक्ति जिला
दिनांक 25/12/2025
रिपोर्टर लाला उपाध्याय

सक्ती जिले में दो पक्षों के बीच हिंसक मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करीब 10 से अधिक लोग मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना 24 दिसंबर 2025 की रात करीब 8:30 बजे की है। एक पक्ष की महिला ने थाने में दी गई रिपोर्ट में बताया कि मोहल्ले में कुछ लोग शराब के नशे में गाली-गलौच कर रहे थे। मांस-मदिरा सेवन से मना करने पर आरोपियों ने गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर टांगी, चाकू, लोहे की रॉड और डंडे से हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

वहीं दूसरे पक्ष ने भी थाने में अलग शिकायत दर्ज कराई है। दूसरी रिपोर्ट के अनुसार, बाजा बजाकर घर लौट रहे युवक के साथ गाली-गलौच की गई और विरोध करने पर उस पर डंडे से हमला किया गया। बीच-बचाव करने आए उसके माता-पिता पर भी डंडों से मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं। इस घटना को भी मोहल्ले के लोगों ने देखा और बीच-बचाव किया।

पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट के आधार पर मारपीट, गाली-गलौच और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button