पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच जानलेवा हमला, 10 आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा/लोकेशन -जांजगीर-चांपा
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से बड़ी खबर सामने आई है,
जहां थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम नेगुरडीह में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और जानलेवा हमला किया गया।
इस मामले में नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना 02 मार्च की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।


प्रार्थी जगराम कश्यप ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पुत्र अमन कश्यप के साथ नेगुरडीह गांव के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया।
सूचना मिलने पर जब पिता मौके पर पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
वहीं दूसरे पक्ष से प्रार्थी गौतम यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि विनय कश्यप और उसके साथियों ने एक राय होकर जान से मारने की धमकी देते हुए हमला किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की।
पहले पक्ष से संजय कश्यप उर्फ भुरू, तिहारू राम कश्यप, शरद कश्यप, गौतम यादव और महेन्द्र कश्यप को गिरफ्तार किया गया।
वहीं दूसरे पक्ष से विनय कश्यप, पप्पू यादव उर्फ अविनाश, अतुल यादव, राजा बरेट और सरवन बरेट को हिरासत में लिया गया है।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेडे के नेतृत्व में की गई, जिसमें सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण आदित्य और थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



