अंधविश्वास का खूनी खेल: तंत्र-मंत्र के नाम पर तीन कत्ल, 6 आरोपी गिरफ्तार

लोकेशन: कोरबा
रिपोर्टर: सरोज रात्रे
कोरबा जिले से अंधविश्वास की एक ऐसी खौफनाक तस्वीर सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है।
तंत्र-मंत्र के नाम पर करोड़ों कमाने का लालच… और उसी लालच में तीन निर्दोष लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

मामला उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुदरी स्थित एक फार्म हाउस का है, जहाँ 11 दिसंबर 2025 को तीन लोगों की संदिग्ध मौत की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने जब मामले की परतें खोलीं, तो सनसनीखेज साजिश सामने आई।
जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी तांत्रिक आशीष दास ने 5 लाख रुपये को 2 करोड़ 50 लाख करने का झांसा दिया था।
इसी लालच में नितेश रात्रे, असरफ मेमन और सुरेश साहू को फार्म हाउस बुलाया गया।
10 दिसंबर की रात तंत्र क्रिया के बहाने तीनों को अलग-अलग कमरे में बुलाया गया और बाहर खड़े सह-आरोपियों ने नायलॉन रस्सी से उनका गला घोंट दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है और प्रकृति—हत्या।
पुलिस ने इस तिहरे हत्याकांड में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर नायलॉन रस्सी, तंत्र-मंत्र सामग्री, नकद 5 लाख रुपये, मोबाइल, बाइक, स्कूटी और इनोवा कार जब्त की है।
फिलहाल सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
यह वारदात अंधविश्वास के खिलाफ समाज के लिए एक कड़ा और डरावना सबक है।




