जांजगीर जिला जेल का बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने किया निरीक्षण, बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं का लिया जायजा

लोकेशन:जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर:जय ठाकुर
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सोमवार को बोर्ड ऑफ विजिटर्स की टीम ने जिला जेल का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के पालन में किया गया, जिसमें जेल में बंदियों को दी जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।




निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शक्ति सिंह राजपूत और कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित अन्य अधिकारियों ने जेल परिसर का दौरा किया। इस दौरान लीगल एड क्लिनिक, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, बैरकों की स्थिति, मुलाकात कक्ष, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, टॉयलेट और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाओं की बारीकी से जांच की गई।अधिकारियों ने जेल में बंद बंदियों से भी बातचीत की और उनके मामलों में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही उन्हें मिल रही विधिक सहायता और जेल परिसर में किसी भी प्रकार के जातिगत भेदभाव की स्थिति को लेकर भी जानकारी प्राप्त की गई।निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और जेल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।




