लड़कों को पराठा, लड़कियों को कराटे का ज्ञान जरूरी – CSP योगिताबाली खापर्डे

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा / लोकेशन – पामगढ़, जांजगीर-चांपा
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा महिला जन-जागरूकता और सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पामगढ़ स्थित विद्या निकेतन मॉडल कॉन्वेंट एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ने छात्र-छात्राओं को आत्मनिर्भर और सतर्क रहने का संदेश दिया।
सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में लड़कों को पराठा और लड़कियों को कराटे का ज्ञान होना चाहिए। उन्होंने स्कूली जीवन को भविष्य निर्माण की नींव बताते हुए बच्चों को गलत संगत और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से दूर रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में नाबालिगों के घर छोड़कर भागने, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा और छेड़छाड़ जैसे गंभीर मुद्दों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं यातायात शाखा द्वारा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी चलचित्र के माध्यम से दी गई।
महिला सेल द्वारा गुड टच और बैड टच की जानकारी दी गई, जबकि कराटे प्रशिक्षक द्वारा आत्मरक्षा का जीवंत प्रदर्शन किया गया। पुलिस के इस अभियान को छात्रों और नागरिकों ने सराहा।




