सक्ती में कानून-व्यवस्था पर मंथन — कलेक्टर व एसपी की संयुक्त बैठक में धान खरीदी केंद्रों की सुरक्षा से लेकर अपराध नियंत्रण तक हुए अहम निर्देश

सक्ती
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा आगामी दिनों में बढ़ने वाली गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण की स्थिति, पर्व-त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, धान खरीदी केंद्रों की सुरक्षा तथा राजस्व–पुलिस समन्वय पर विस्तृत चर्चा हुई।
धान खरीदी केंद्रों की सुरक्षा पर कलेक्टर का विशेष जोर
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि प्रदेशभर में धान खरीदी महाअभियान जारी है, ऐसे में सभी उपार्जन केंद्रों में शांति और व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि
प्रत्येक धान खरीदी केंद्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद न हो,
राजस्व और पुलिस अमला निरंतर निगरानी रखें,
किसी भी केंद्र में संभावित अप्रिय स्थिति से पहले ही निपटने की तैयारी सुनिश्चित हो।
उन्होंने जोर दिया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े हर मामले में अधिकारियों द्वारा त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर शासन की मंशा के अनुरूप कार्य किया जाए।

अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा पर एसपी का फोकस
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बैठक में जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि—
जिले में अपराध नियंत्रण,
नियमित पेट्रोलिंग,
सायबर अपराध रोकथाम,
तथा महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा निरंतर अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में जहां पुलिस बल की आवश्यकता हो, संबंधित अधिकारी तत्काल जानकारी दें। पुलिस विभाग तत्परता के साथ मौके पर पहुंचकर पूरा सहयोग देगा।
एसपी ने यह भी बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बढ़ाई गई है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल की तैनाती भी की जाएगी।
संयुक्त समन्वय पर दिया गया जोर
बैठक के अंत में कलेक्टर और एसपी दोनों ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय और सक्रियता के साथ जिले की कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।
बैठक में अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, बालेश्वर राम, के. एस. पैंकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, सभी एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी, टीआई, तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




