
पामगढ़ में बारदाना ढेर में भीषण आग, 40 गठान खाक – करीब 20 लाख का नुकसान
जांजगीर-चांपा
पामगढ़ थाना क्षेत्र के लगरा सेवा सहकारी समिति में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब धान खरीदी केंद्र के ठीक सामने चबूतरे पर रखे नए बारदाने के ढेर में अचानक आग भड़क उठी। आग लगने की घटना इतनी तेज़ थी कि कुछ ही मिनटों में करीब 40 गठान नया बारदाना जलकर राख में बदल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन बारदानों को प्राधिकृत अधिकारी द्वारा कल ही खाली कराया गया था और धान खरीदी शुरू होने से पहले इन्हें चबूतरे पर रखा गया था। सुबह अचानक उठे धुएं को देखकर कर्मचारियों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बचाव संभव नहीं हो सका।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक नुकसान का आंकलन लगभग 20 लाख रुपये बताया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी बाहरी कारण की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना पर पुलिस एवं सहकारी समिति के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। धान खरीदी शुरू होने के ठीक पहले बारदानों का जलकर नष्ट होना केंद्र के लिए बड़ी समस्या बनकर सामने आया है।

व्यास नारायण कश्यप (विधायक जांजगीर-चांपा)




