BREAKING NEWS;मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ के न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

राजनांदगांव
दीपक यादव
एक ही दिन में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के तीन जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। छत्तीसगढ़ में बिलासपुर और राजनांदगांव के जिला न्यायालयों को, जबकि मध्यप्रदेश में रीवा जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
जानकारी के अनुसार यह धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई, जिसमें न्यायालय परिसरों को निशाना बनाने की बात कही गई। धमकी मिलते ही तीनों जिलों के न्यायालय परिसरों में अफरातफरी का माहौल बन गया। एहतियातन सभी न्यायालयों को तुरंत खाली कराया गया और न्यायिक कार्य अस्थायी रूप से स्थगित कर दिए गए।



मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस, बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे न्यायालय परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की सत्यता की जांच में जुटी हुई है। साइबर सेल को भी अलर्ट कर दिया गया है और सर्वर लोकेशन व तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।







