
तमनार महिला आरक्षक बदसलूकी मामले में गिरफ्तारी शुरू
ग्रामीणों ने अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की मांग करते हुए,घटना की निंदा की
रायगढ़
जिले के तमनार क्षेत्र में प्रस्तावित जनसुनवाई के विरोध में शांतिपूर्ण धरना दे रहे। 14 गांवों के ग्रामीणों ने 27 दिसंबर 2025 को महिला आरक्षक के साथ हुई शर्मनाक एवं अमानवीय घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।
ग्रामीणों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि इस घृणित और निंदनीय घटना को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों से उनका किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। 14 गांवों की जनता इस घटना की एक स्वर में भर्त्सना करती है और शासन-प्रशासन से मांग करती है कि घटना में शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


वहीं उक्त शर्मनाक घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा है कि घटना बेहद निंदनीय है,जिसे पुलिस प्रशासन गंभीरता से ले रहा है। घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ BNS की संगीन धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। उक्त मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार समाचार लिखे जाने तक संबंधित मामले में एक अन्य आरोपी की पहचान करते हुए गिरफ्तारी की गई है।



