स्थानांतरण के नाम पर रिश्वत का खेल बेनकाब, 40 हजार लेते ही ACB के हत्थे चढ़ा सहायक ग्रेड-2

रिपोर्टर – दीपक वर्मा
लोकेशन – जशपुर
महिला एवं बाल विकास विभाग में रिश्वतखोरी का बड़ा मामला सामने आया है।
स्थानांतरण के नाम पर अवैध वसूली कर रहे सहायक ग्रेड-2 को एंटी करप्शन ब्यूरो ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अंबिकापुर से पहुंची एसीबी की टीम ने महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान सहायक ग्रेड-2 गिरीश कुमार वारे को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के मुताबिक, दोकड़ा में पदस्थ भृत्य योगेश शांडिल्य के स्थानांतरण के एवज में आरोपी ने 80 हजार रुपये की मांग की थी।
पीड़ित पहले ही 30 हजार रुपये दे चुका था, जबकि शेष रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
इतना ही नहीं, रिश्वत नहीं देने पर आरोपी ने पीड़ित की मोटरसाइकिल तक जब्त कर ली।
परेशान होकर पीड़ित कर्मचारी ने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की।
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने 40 हजार रुपये रिश्वत ली, टीम ने मौके पर ही कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार की पोल खोल कर रख दी है।




