
रिपोर्टर: जय ठाकुर
स्थान: सक्ति
सक्ती जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां गाली-गलौज की पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामले में थाना सक्ती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 फरवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती से थाना सक्ती को सूचना मिली कि ग्राम मसनियाकला निवासी सम्मे लाल श्रीवास को धारदार हथियार से गंभीर चोटें आई हैं। घायल की हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे उच्च उपचार के लिए रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर थाना सक्ती पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल पहुंचकर सूक्ष्म निरीक्षण किया और मृतक के परिजन टीकाराम श्रीवास का कथन दर्ज किया। जांच में सामने आया कि अज्ञात आरोपियों ने रात्रि के समय मृतक के घर में घुसकर उसके सिर, गला और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ प्राणघातक वार किए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के निर्देशन में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा साइबर यूनिट, डॉग स्क्वाड एवं एफएसएल की मदद से सघन जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला कि घटना से पहले दो संदिग्ध व्यक्तियों को मृतक के घर के आसपास देखा गया था, जो वारदात के बाद से फरार थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम मसनियाकला के पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी मोहनीश कुमार कर्मवीर उम्र 37 वर्ष ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि दिनांक 02 फरवरी 2026 को मृतक द्वारा गाली-गलौज किए जाने से वह आक्रोशित था। इसी रंजिश के चलते उसने एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और टांगी से 6 से 7 वार कर सम्मे लाल श्रीवास की हत्या कर दी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी, खून से सना काला लोवर और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। मुख्य आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में सक्ती थाना स्टाफ, साइबर यूनिट, डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।




