सूरजपुर

नाबालिग की निर्मम हत्या का खुलासा: जमीन विवाद में चचेरे भाई ने उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता: सुरेन्द्र साहू | सूरजपुर
सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस जघन्य वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के चचेरे भाई ने ही अंजाम दिया। जमीन बंटवारे के पुराने विवाद ने रिश्तों को इस कदर कड़वा कर दिया कि आरोपी ने 14 वर्षीय नाबालिग की बेरहमी से हत्या कर दी।
घटना 11 फरवरी 2026 की शाम की है। ग्राम महोरा निवासी मंगलूराम पण्डो के बड़े बेटे लालसाय (14 वर्ष) के मोबाइल से उसके मामा मंगलसाय के मोबाइल पर एक अज्ञात कॉल आया, जिसमें बताया गया कि लालसाय की हत्या हो चुकी है और उसका शव गहुआ-भादा जंगल में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन अंधेरा होने के कारण शव नहीं मिल सका।
अगले दिन 12 फरवरी 2026 को पुनः सघन तलाश के दौरान गहुआ-भादा जंगल से पुल भादा की ओर जाने वाली पगडंडी के किनारे लालसाय का शव मिला। उसके गले पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे स्पष्ट हुआ कि उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 19/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान थाना प्रेमनगर पुलिस ने संदेही देवसाय पण्डो उर्फ देवान (28 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसका और मृतक के परिवार का जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन उसने लालसाय को बहाने से बुलाया और विवाद बढ़ने पर उसे जंगल की ओर ले गया। पहले टांगी से गले पर वार किया, फिर दोबारा पीछा कर गहुआ-भादा क्षेत्र में पुनः प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने मृतक के मोबाइल से मामा को कॉल कर भ्रम फैलाया और मोबाइल व सिम को झाड़ियों में फेंक दिया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी अगले दिन भी ग्रामीणों के साथ मिलकर मृतक की तलाश करता रहा।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर की-पैड मोबाइल, टूटा सिम, मोबाइल बैटरी और हत्या में प्रयुक्त टांगी जब्त कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, एसडीओपी प्रेमनगर बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रेमनगर विराट विशी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
यह मामला एक बार फिर बताता है कि आपसी जमीन विवाद किस तरह रिश्तों को खून से रंग देता है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी सलाखों के पीछे है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button