बुड़हीन माई मंदिर मुकुट चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर:- शुभांशु मिश्रा
लोकेशन:- जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पोड़ीदल्हा स्थित बुड़हीन माई मंदिर में हुई मुकुट चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोटमीसोनार पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज दो दिनों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से चोरी गए चांदी के दो मुकुट भी बरामद कर लिए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 2 फरवरी 2026 को प्रार्थी शैलेश कुमार सिदार ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर ने बुड़हीन माई मंदिर का ताला तोड़कर लगभग 10 तोला वजनी चांदी के दो मुकुट चोरी कर लिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 75/2026 धारा 331(4), 305(घ) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर पोड़ीदल्हा टिकरी पारा निवासी राहुल कुमार, पिता अभिमन्यु, उम्र 18 वर्ष 6 माह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर से मुकुट चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के दो मुकुट और वारदात में प्रयुक्त लोहे का छोटा सब्बल बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




