जांजगीर में स्कूली बच्चों की फेयरवेल पार्टी के दौरान कार स्टंट, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

रिपोर्टर शुभांशु मिश्रा
लोकेशन जांजगीर-चांपा
जांजगीर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां स्कूली बच्चों की फेयरवेल पार्टी के दौरान कार से खतरनाक स्टंट किए गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद प्रशासन और आम लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक तेज रफ्तार कार से स्टंट करते हुए सड़कों पर घूम रहे हैं, जिससे न सिर्फ उनकी जान खतरे में पड़ी, बल्कि आम राहगीरों की सुरक्षा भी दांव पर लग गई। बताया जा रहा है कि यह वीडियो जांजगीर जिले में आयोजित एक स्कूल की फेयरवेल पार्टी के दौरान का है, जहां उत्साह और जोश में यातायात नियमों की खुली अनदेखी की गई।



वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठ रहे हैं कि नाबालिग या स्कूली बच्चों के हाथ में इस तरह वाहन देना कितना सुरक्षित है। लोगों ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर यह चेतावनी देती है कि जश्न मनाने के नाम पर की गई लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।




