गोपिया तालाब से पानी चोरी का मामला, जेसीबी से तोड़कर अवैध निकासी का प्रयास

रिपोर्टर : मयंक / लोकेशन : अकलतरा, जांजगीर-चांपा
अकलतरा नगर के वार्ड क्रमांक 19 स्थित शासकीय गोपिया तालाब को बिना अनुमति जेसीबी मशीन से तोड़कर पानी की अवैध निकासी करने का मामला सामने आया है। इस घटना से नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है।
मामले को लेकर नगर पालिका उपाध्यक्ष दिवाकर राणा सहित अन्य पार्षदों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि 16 मार्च की रात कुछ लोगों द्वारा जेसीबी मशीन से तालाब को तोड़कर पानी बहाने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलते ही पार्षद मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को जानकारी दी, जिसके बाद तत्काल हस्तक्षेप कर कार्य को रुकवाया गया।


पार्षदों ने बताया कि इससे पहले 26 जनवरी को भी तालाब को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस और नगर पालिका में दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद दोबारा ऐसी घटना होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
वार्ड 19 के पार्षद देवनारायण बरेठ ने कहा कि गोपिया तालाब नगर के कई वार्डों के लिए महत्वपूर्ण जल स्रोत है, खासकर गर्मी के मौसम में इसका पानी निस्तारी कार्यों के लिए बेहद जरूरी होता है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कई पार्षद मौजूद रहे। वहीं कलेक्टर ने एसडीएम को मौके का निरीक्षण कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि नगर पालिका द्वारा किसी को भी तालाब तोड़ने की अनुमति नहीं दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही काम बंद कराया गया और जेसीबी मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस को पत्र भेजा गया है।



