
रिपोर्टर: सुरेन्द्र साहू / लोकेशन: सूरजपुर, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां चंदौरा पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर अंबिकापुर से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही चंदौरा पुलिस ने चौक पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।


जांच के दौरान वाहन में सवार दो युवकों की पहचान भूप सिंह और वसीम के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। तलाशी लेने पर वाहन से 4 जीवित और 1 मृत भैंसा बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा मवेशियों के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन और मवेशियों को जब्त कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।




