महादेव गली पहुंच मार्ग पर 12 लाख की लागत से बनेगी सीसी रोड, महापौर ने किया भूमि पूजन

विनीत मिश्रा
अंबिकापुर, सरगुजा
नगर निगम अंबिकापुर के वार्ड क्रमांक 23 अंतर्गत महादेव गली पहुंच मार्ग में लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या का समाधान होने जा रहा है। 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड के निर्माण को लेकर आज विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस मौके पर महापौर मंजूषा भगत, वार्ड पार्षद जितेंद्र सोनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
दरअसल, शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड क्रमांक 23 स्थित महादेव गली पहुंच मार्ग काफी संकरा था, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में यहां जलभराव की स्थिति बन जाती थी, जिससे हालात और भी बदतर हो जाते थे। इन समस्याओं को देखते हुए वार्ड पार्षद जितेंद्र सोनी की पहल पर 12 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण का प्रस्ताव लाया गया। आज मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन संपन्न हुआ।


वार्ड की सड़क संकरी होने के कारण आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही थीं। मरीजों को लाने के लिए 108 एंबुलेंस और आगजनी की स्थिति में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच पाती थीं। इस गंभीर समस्या को देखते हुए वार्ड पार्षद जितेंद्र सोनी ने वार्ड के ही त्रिपाठी परिवार से सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन देने का आग्रह किया। वार्डवासियों की समस्या को समझते हुए त्रिपाठी परिवार ने अपनी बहुमूल्य जमीन सड़क निर्माण के लिए देने की सहमति दी। इसके बाद नगर निगम से प्रस्ताव पारित कराया गया और अब सीसी रोड निर्माण का कार्य शुरू किया जा रहा है। सड़क बनने से बरसात के समय जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी, साथ ही आपातकालीन सेवाएं भी सुचारु रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।




