बाल दिवस पर उमड़ा उत्सव: तुमान स्कूल में बच्चों ने दिखाया हुनर और रचनात्मकता

करतला/तुमान
करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत तुमान स्थित के पी पब्लिक स्कूल में इस वर्ष बाल दिवस बेहद खास रहा। पूरे कैंपस में बच्चों की रचनात्मकता, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों का ऐसा संगम देखने को मिला कि विद्यालय उत्सव स्थल में बदल गया।
बाल दिवस समारोह की शुरुआत बच्चों द्वारा सजाई गई फूड एवं टॉय प्रदर्शनी से हुई। नन्हे-मुन्नों ने इडली, डोसा, पानीपुरी, भेलपुरी, मंचूरियन, चाउमीन जैसे व्यंजन खुद बनाकर परोसे। वहीं, बच्चों द्वारा तैयार किए गए रंग-बिरंगे खिलौनों ने अभिभावकों और ग्रामीणों का मन मोह लिया।
इस कार्यक्रम में जनपद पंचायत करतला की अध्यक्ष श्रीमती अशोका विश्राम कंवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। ग्राम के सरपंच व पंचगण भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों की मेहनत और कल्पनाशीलता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को नई उड़ान देते हैं।


शिक्षकों ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिन बच्चों की प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने का अवसर है।
मंच पर बच्चों ने छत्तीसगढ़ महतारी गीत सहित कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन पर दर्शक तालियाँ बजाते नहीं थके।
आनंद मेले में बच्चों और अभिभावकों की भारी भीड़ उमड़ी। छोटे बच्चों के लिए लगाए गए झूले और मनोरंजक खेल दिनभर आकर्षण का केंद्र बने रहे।
के पी पब्लिक स्कूल में मनाया गया यह बाल दिवस कार्यक्रम बच्चों की मुस्कान, ऊर्जा और रचनात्मकता के कारण एक यादगार उत्सव बन गया।




