जांजगीर-चांपा

मेन रोड पर चक्का जाम, 21 नामजद आरोपियों सहित अन्य पर अपराध दर्ज

रिपोर्टर:- शुभांशु मिश्रा
लोकेशन:- जांजगीर-चांपा


जांजगीर-चांपा में यातायात बाधित कर मेन रोड पर चक्का जाम करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मत्स्य विभाग कार्यालय के सामने बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन कर मुख्य मार्ग को करीब तीन घंटे तक जाम करने वाले 21 नामजद आरोपियों सहित अन्य के विरुद्ध सिटी कोतवाली थाने में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि सहायक मत्स्य अधिकारी सीताराम अहिरवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 3 फरवरी 2026 को दोपहर करीब एक बजे मछुआरा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य अपनी मांगों को लेकर मत्स्य विभाग कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मेन रोड पर बैठकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि समझाने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने शासकीय कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौच की, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। करीब तीन घंटे तक चले चक्का जाम के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात ठप रहा।

पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पांडेय (भापुसे) के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 99/26 के तहत धारा 221 एवं 126(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटनास्थल पर मौजूद अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन एवं चक्का जाम करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button