एसआईआर कार्य में राज्य में दूसरा स्थान, चंद्रपुर विधानसभा की टीम सम्मानित

लोकेशन :- सक्ति जिला
दिनांक :- 08/02/2026
रिपोर्टर :- लाला उपाध्याय
मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर कार्य में बेहतर परिणाम लाने के लिए चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की टीम को सम्मानित किया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्य में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करने पर डभरा एसडीएम द्वारा बीएलओ, सुपरवाइजर, मास्टर ट्रेनर और तकनीकी सहायकों को सम्मान प्रदान किया गया।
निर्वाचन आयोग द्वारा कराए गए मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को शून्य त्रुटि वाला और बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य माना जाता है। इस दौरान मतदाताओं का सत्यापन, फार्म वितरण, डिजिटलाइजेशन, दावा-आपत्ति, सुनवाई और निराकरण जैसे कई चरण शामिल थे।
चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत एसडीएम विनय कश्यप के नेतृत्व में तहसीलदार मनमोहन सिंह, नायब तहसीलदार आशीष पटेल, करीब 300 बीएलओ, 25 सुपरवाइजर, 10 सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारी और पूरी टीम ने समयसीमा के भीतर यह कार्य पूर्ण कर राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया। पहले स्थान पर रायपुर शहरी विधानसभा क्षेत्र रहा।


ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र होने के बावजूद नेटवर्क की समस्या और डिजिटल संसाधनों की कमी के बीच चंद्रपुर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एसआईआर कार्य के बाद विधानसभा क्षेत्र में लगभग 28 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जिनके मुख्य कारण मृत्यु, स्थानांतरण, विवाह पश्चात नाम परिवर्तन और डबल एंट्री रहे।
सम्मान समारोह के दौरान बीएलओ ने एसआईआर कार्य के दौरान अपने खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। वहीं एसडीएम विनय कश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह सफलता टीम वर्क और बेहतर समन्वय का परिणाम है। जब टीम की सभी इकाइयां एकजुट होकर काम करती हैं, तो सफलता निश्चित होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।




