बलरामपुर

धान खरीदी में अव्यवस्था! शंकरगढ़ में कांग्रेस का धरना, किसानों का फूटा गुस्सा

लोकेशन – बलरामपुर
संवाददाता – दयाशंकर यादव


बलरामपुर जिले के विकासखंड शंकरगढ़ में आज धान खरीदी को लेकर किसानों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया।
धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने धरना प्रदर्शन किया।
किसानों का कहना है कि अब तक लगभग 30 प्रतिशत किसानों के धान खरीदी टोकन नहीं कट पाए हैं, जबकि शासन द्वारा धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तय की गई है। ऐसे में हजारों किसान इस असमंजस में हैं कि वे अपना धान कैसे बेच पाएंगे।
किसानों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए कांग्रेस किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजू तिर्की धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि शासन की लापरवाही के कारण किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सभी किसानों के टोकन जारी नहीं किए गए और धान खरीदी प्रक्रिया को दुरुस्त नहीं किया गया, तो कांग्रेस और किसान संगठन उग्र आंदोलन करेंगे।
धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि शासन की ओर से मिलने वाला हमाली का भुगतान किसानों के खातों में नहीं पहुंच रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। किसानों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।
फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने से किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष बना हुआ है।
किसानों का कहना है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो इसके लिए भाजपा सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button