अकलतरा में धूमधाम से मनाया गया चेटीचंड, शोभायात्रा और भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

रिपोर्टर : मयंक / लोकेशन : अकलतरा, जांजगीर-चांपा
अकलतरा नगर में पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वाधान में सिंधी समाज द्वारा चेटीचंड पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। यह पर्व सिंधी समुदाय का नववर्ष होने के साथ भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के रूप में विशेष महत्व रखता है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे समाज के युवक-युवतियों द्वारा निकाली गई भव्य बाइक रैली से हुई। यह रैली अग्रसेन चौक से प्रारंभ होकर रेलवे स्टेशन, मस्जिद रोड, श्याम मंदिर होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शास्त्री चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान डीजे की धुन और जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।

इसके पश्चात पूज्य सिंधी भवन में दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों के साथ-साथ नगर के बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। वहीं शाम 4 बजे शास्त्री चौक में भी प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
शाम के समय गुरुद्वारे में पारंपरिक विधि-विधान के साथ बहराणा साहब की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन और आरती की गई। इसके बाद पल्लव (अरदास) कर समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
तत्पश्चात बैंड-बाजे के साथ नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के सभी लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु झूमते-नाचते हुए नगर भ्रमण करते हुए महामाया मंदिर पहुंचे, जहां से आगे रामसागर तालाब में पवित्र ज्योत का विधि-विधान से विसर्जन किया गया।


चेटीचंड का यह पावन पर्व हर वर्ष चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। यह सिंधी समाज के लिए अत्यंत धार्मिक महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन उनका नववर्ष प्रारंभ होता है। साथ ही इसी दिन उनके इष्टदेव भगवान झूलेलाल की जयंती भी मनाई जाती है। मान्यता है कि इसी दिन अवतारी युगपुरुष उ भगवान झूलेलाल का जन्म हुआ था, जिसके चलते यह पर्व पूरे समाज द्वारा बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जाता है।
इस आयोजन ने पूरे अकलतरा नगर में भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।







