छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा: भाजपा–कांग्रेस पर AAP का तीखा हमला, व्यवस्था परिवर्तन का दावा”

ब्यूरो रिपोर्ट
जांजगीर
छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज़ हो गई है।
आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की वर्तमान स्थिति को लेकर भाजपा और कांग्रेस — दोनों दलों पर बड़ा हमला बोला है।
AAP का कहना है कि बीते वर्षों में इन दोनों पार्टियों की सरकारों ने विकास के नाम पर केवल संसाधनों की लूट की, जबकि आम जनता आज भी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है।
इन्हीं मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदेशभर में “छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा” की शुरुआत की है।
पार्टी का दावा है कि यह यात्रा केवल विरोध नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन की शुरुआत है।
आम आदमी पार्टी का आरोप है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस की सरकारों ने केवल सत्ता का उपयोग किया, जनहित को प्राथमिकता नहीं दी।
किसानों की हालत
धान खरीदी में भारी अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।
समय पर टोकन नहीं मिलना, रकबा काट देना, और भुगतान के लिए किसानों को बैंकों के चक्कर काटने पड़ना — ये सवाल सरकार की नीतियों पर गंभीर प्रश्न खड़े करते हैं।
रोजगार और कर्मचारी मुद्दा
AAP का कहना है कि अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ।
वहीं, पढ़े-लिखे युवा रोजगार की आस में बैठे हैं, लेकिन सरकार के पास ठोस नीति नहीं है।
महंगी बिजली और दोहरा रवैया
प्रदेश में बिजली उत्पादन होने के बावजूद आम जनता को महंगी बिजली दी जा रही है।
गरीबों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जबकि बड़े उद्योगपतियों और सरकारी विभागों के करोड़ों के बकाया बिल माफ़ किए जा रहे हैं।



खनिज संसाधन और विस्थापन
कीमती प्राकृतिक संसाधनों के लिए गांवों के गांव उजाड़े जा रहे हैं।
अधिग्रहण के नाम पर ग्रामीणों पर दबाव, हिंसक झड़पें और प्रशासनिक सख्ती बढ़ती जा रही है, जबकि लाभ केवल उद्योगपतियों को मिल रहा है।
सड़क, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार
करोड़ों के टेंडर के बावजूद सड़कें पहली बारिश में ही टूट जाती हैं।
थानों में अमीर–गरीब के बीच भेदभाव, बढ़ते अपराध, खुलेआम नशे का कारोबार और हर सरकारी दफ्तर में कमीशनखोरी — आम आदमी पार्टी ने इन सब पर सरकार की चुप्पी को अपराध बताया है।
शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल
सरकारी स्कूलों की बदहाली के कारण लोग मजबूरी में महंगे प्राइवेट स्कूलों की ओर जा रहे हैं।
वहीं सरकारी अस्पतालों की अव्यवस्था से परेशान लोग निजी अस्पतालों में इलाज के लिए अपनी जमा पूंजी तक बेचने को मजबूर हैं।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली मॉडल की तरह छत्तीसगढ़ में भी
बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सुरक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन लागू किया जा सकता है।
पार्टी ने जनता से आह्वान किया है कि वे इस बार परंपरागत राजनीति से हटकर
व्यवस्था परिवर्तन के लिए साथ आएं।



