
जिला महासमुंद:
छत्तीसगढ़ शासकीय वाहन चालक यांत्रिकी संघ की बैठक जिला महासमुंद में आयोजित की गई। बैठक में दिल्ली में संघ के साथी प्रमोद खाखा के साथ हुए अभद्र व्यवहार के मुद्दे पर चर्चा हुई। इस घटना को गंभीर मानते हुए सभी उपस्थित सदस्यों ने इसके खिलाफ कड़ा विरोध प्रकट किया।
संघ ने निर्णय लिया है कि माननीय मुख्यमंत्री जी को जिला कलेक्टर महोदय के माध्यम से पत्र लिखकर इस घटना की न्यायपूर्ण जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही, आयोग तथा संबंधित अधिकारियों को भी पत्राचार के माध्यम से सूचित कर न्याय की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि इस मामले में उचित न्याय नहीं मिलता है, तो पूरे प्रदेश में संघ द्वारा प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा। बैठक में अन्य प्रदेशों के संघाध्यक्षों से फोन द्वारा समर्थन प्राप्त हुआ है, और सभी ने इस मामले में सख्त रुख अपनाने की बात कही।
संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी वाहन चालक के साथ दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारी बचे नहीं रहेंगे और इस मामले की सूक्ष्म जाँच करायी जाएगी। संघ के अनुसार, यह कदम केवल प्रमोद खाखा तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि पूरे प्रदेश में समता और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन का हिस्सा बनेगा।




