अनुभवी समाजसेवी सेतराम चंद्रा को छत्तीसगढ़ कूर्मि क्षत्रिय समाज ने दी जिला नेतृत्व की बागडोर

सक्ती
छत्तीसगढ़ प्रदेश कूर्मि क्षत्रिय समाज ने संगठनात्मक मजबूती के साथ जिला स्तर पर नेतृत्व परिवर्तन करते हुए समाज के वरिष्ठ सदस्य और अनुभवशील प्रशासक सेतराम चंद्रा को सक्ती जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विजय बघेल ने आदेश जारी करते हुए बताया कि श्री चंद्रा के सुदीर्घ सार्वजनिक जीवन, संगठन क्षमता और सामाजिक योगदान को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा जा रहा है।
सेतराम चंद्रा पूर्व में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, तहसील पेंशनर संघ के अध्यक्ष तथा सक्रिय समाजसेवी के रूप में लंबे समय से जनसेवा से जुड़े रहे हैं। समाज के अनेक वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों ने भी उनकी कार्यशैली, अनुभव और संगठन क्षमता को ध्यान में रखते हुए उनके नाम का समर्थन किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने भरोसा जताया है कि उनकी नेतृत्व क्षमता से सक्ती जिले में समाज के भीतर एक नई ऊर्जा, एकजुटता और सकारात्मक दिशा का संचार होगा।
इसी के साथ समाज की एक महत्वपूर्ण घोषणा भी सामने आई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कूर्मि क्षत्रिय समाज का 15वां प्रादेशिक अधिवेशन एवं 24वां कूर्मि संझा का भव्य आयोजन 20 एवं 21 दिसंबर 2025 को सक्ती नगर में आयोजित होने जा रहा है।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सेतराम चंद्रा ने बताया कि वे शीघ्र ही जिला कार्यसमिति का गठन कर अधिवेशन एवं संझा समारोह को सफल बनाने की दिशा में कार्य प्रारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज की सांस्कृतिक विरासत, सामूहिक शक्ति और विचार–मंथन का प्रतीक है, जिसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जाएगा।




