अंतरिक्ष के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक छलांग: रायपुर में खुलेगा राज्य का पहला स्पेस सेंटर, देश के दूसरे अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला रहेंगे मौजूद

रायपुर | 3 फरवरी
छत्तीसगढ़ अब अंतरिक्ष विज्ञान के नक्शे पर अपनी मजबूत पहचान बनाने जा रहा है। राज्य के शैक्षणिक और वैज्ञानिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने वाला है, जब राजधानी रायपुर में राज्य का पहला अंतरिक्ष केंद्र शुरू किया जाएगा। यह केंद्र न सिर्फ छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ेगा, बल्कि उन्हें रॉकेट लॉन्च, सैटेलाइट निर्माण और स्पेस ट्रैकिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव भी देगा।
सीएम विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” के तहत यह अत्याधुनिक स्पेस सेंटर नवा रायपुर में स्थापित किया गया है। इसका शुभारंभ 3 फरवरी को सुबह 10 बजे, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राखी, नवा रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।
इस ऐतिहासिक मौके पर देश के दूसरे अंतरिक्ष यात्री कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

छात्र बनाएंगे सैटेलाइट, सीखेंगे स्पेस मिशन
यह परियोजना आईडीवायएम फाउंडेशन द्वारा, सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड के सहयोग से शुरू की जा रही है। इस स्पेस सेंटर के जरिए राज्य के छात्र पहली बार
सैटेलाइट डिजाइन और निर्माण
रॉकेट टेक्नोलॉजी
स्पेस मिशन की रियल-टाइम मॉनिटरिंग
सैटेलाइट ट्रैकिंग और डेटा एनालिसिस
जैसी गतिविधियों से सीधे जुड़ सकेंगे।
कैप्टन शुभांशु शुक्ला होंगे ब्रांड एंबेसडर
नवा रायपुर स्पेस सेंटर के ब्रांड एंबेसडर कैप्टन शुभांशु शुक्ला होंगे। उद्घाटन के दौरान वे छात्रों से संवाद करेंगे और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

ISRO मानकों की अत्याधुनिक सुविधाएं
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मुताबिक, यह केंद्र ISRO के मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। यहां
स्पेस क्वालिफाइड क्लीन रूम
स्टूडेंट सैटेलाइट लैब
ग्राउंड स्टेशन
मिशन कंट्रोल सेंटर
जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
यह पहल छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए अंतरिक्ष तक पहुंचने का नया रास्ता खोलेगी और राज्य को विज्ञान व तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी




