बगीचा विकासखंड पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, संत गहिरा गुरु तपोभूमि में वंशजों से की मुलाकात

दीपक वर्मा
कुनकुरी / जशपुर / सामरबहार
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड स्थित संत गहिरा गुरु तपोभूमि सामरबहार पहुंचे, जहां उन्होंने संत गहिरा गुरु के वंशजों से मुलाकात की और पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि गहिरा गुरु को आदिवासी समाज में संत परंपरा के प्रमुख स्तंभ के रूप में देखा जाता है।


मुख्यमंत्री श्री साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ ग्राम सामरबहार पहुंचे, जहां हेलीपैड पर स्थानीय लोगों और संत समाज के अनुयायियों ने पारंपरिक ढंग से उनका भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने सामाजिक रीतिरिवाज के अनुसार आरती उतारकर मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी का अभिनंदन किया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गहिरा गुरु के वंशजों एवं उनके पुत्रों से मिलकर कुशलक्षेम जाना और संत परंपरा की विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में सहयोग का आश्वासन भी दिया। मुख्यमंत्री की उपस्थिति से पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।




