कक्षा 11वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों में मचा कोहराम — पुलिस जांच में जुटी

कोरबा
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। बालको थाना क्षेत्र के नया रिस्दा भदरापारा में 16 वर्षीय छात्रा यामनी यादव ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यामनी कक्षा 11वीं की छात्रा थी और अपने मामा तीजराम यादव के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी।
बुधवार दोपहर यह दर्दनाक हादसा हुआ। परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे, वहीं यामनी अपने कमरे में थी। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आई, तो परिजनों ने दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देख सबके पैरों तले ज़मीन खिसक गई — यामनी फंदे से झूल रही थी।

परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतका के मामा विकास यादव ने बताया कि यामनी पढ़ाई में बेहद होशियार थी और हमेशा खुशमिजाज रहती थी। परिवार के किसी भी सदस्य को इस तरह के कदम की उम्मीद नहीं थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस यामनी के मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पूरा परिवार इस घटना से सदमे में है, और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।




