
रिपोर्टर: दीपक वर्मा / लोकेशन: बगिया, जशपुर
जशपुर जिले के बगिया स्थित मुख्यमंत्री निवास में रामनवमी के पावन अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। यहां 25 मार्च से चार दिवसीय भव्य महायज्ञ का आयोजन शुरू हुआ है, जो 28 मार्च तक चलेगा। इस दौरान हजारों श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर पुण्य लाभ ले रहे हैं।

महायज्ञ का शुभारंभ आज भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस कलश यात्रा में हजारों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश रखकर हिस्सा लिया। पूरे रास्ते भक्ति गीतों, जय श्रीराम के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ कलश यात्रा में भाग लिया और धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री निवास बगिया को इस अवसर पर भव्य और आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की सजावट और धार्मिक प्रतीकों से सजा पूरा परिसर किसी तीर्थ स्थल जैसा नजर आ रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से संत-महात्मा और श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं।


चार दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन, यज्ञ और धार्मिक प्रवचनों का आयोजन किया जा रहा है। संतों द्वारा रामकथा और धर्म के महत्व पर भी प्रकाश डाला जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ मिल सके।
महायज्ञ के अंतिम दिन 28 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं कार्यक्रम में शामिल होंगे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।


श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कुल मिलाकर बगिया का मुख्यमंत्री निवास इन दिनों भक्ति, आस्था और धार्मिक उत्साह का केंद्र बना हुआ है, जहां रामनवमी के अवसर पर आयोजित यह महायज्ञ लोगों के लिए श्रद्धा का विशेष आकर्षण बना हुआ है।




