छत्तीसगढ़ में ठंड ने दी दस्तक — कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी, रायपुर में तापमान में गिरावट

रायपुर
नवंबर के दूसरे हफ्ते के साथ ही छत्तीसगढ़ में ठंड ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो से तीन दिनों में राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
राजधानी रायपुर सहित उत्तरी छत्तीसगढ़ के जिले कोरिया, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, सूरजपुर और कोरबा में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। कई जगहों पर सुबह-शाम ठंडी हवाएँ और कोहरा लोगों को सर्दी का एहसास कराने लगा है।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सुबह-शाम सावधानी बरतने की अपील की है। तापमान में अचानक गिरावट के चलते स्कूल-कॉलेज के बच्चे, बुज़ुर्ग और बीमार लोग सबसे ज़्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
रायपुर मौसम केंद्र के अनुसार, उत्तर भारत में बढ़ रही ठंड और हवाओं की दिशा बदलने के कारण छत्तीसगढ़ में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है।


स्वास्थ्य विभाग ने भी नागरिकों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क किया है
सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह,
बुज़ुर्गों और बच्चों को बाहर निकलने से पहले सावधानी बरतने की अपील,
और अस्पतालों को शीतजनित बीमारियों के इलाज के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विज्ञानी डॉ. आर.के. बागेल ने बताया
“उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड तेजी से बढ़ रही है। यह स्थिति 3 से 4 दिन तक बनी रह सकती है।”
ग्रामीण इलाकों में किसानों ने भी तापमान में गिरावट के साथ खेतों में सुबह की ओस और धुंध बढ़ने की जानकारी दी है, जो रबी फसलों के लिए लाभकारी मानी जा रही है।




