कलेक्टर ने किया अमरताल धान संग्रहण केंद्र का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराज़गी

जांजगीर-चांपा
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज अमरताल धान संग्रहण केंद्र का औचक निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था में लापरवाही पर गहरी नाराज़गी जाहिर की। उन्होंने धान उठाव की धीमी प्रगति, तौल एवं प्रबंधन संबंधी खामियों पर समिति प्रबंधक को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धान मिलर्स से भी चर्चा की और समय-सीमा में धान उठाव सुनिश्चित करने कहा।
निरीक्षण के दौरान मजदूरों के भुगतान में देरी की शिकायत पर उन्होंने निर्देशित किया कि—
“किसी भी परिस्थिति में मजदूरों को भुगतान में विलंब न किया जाए।”


इसके बाद कलेक्टर ने पकरिया झूलन और भदरा धान खरीदी केंद्रों का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां आद्रता मापी मशीन, तौल उपकरणों और खरीदी व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई। किसानों की एग्रीस्टैक पंजीयन संबंधी समस्याएं सुनकर उन्होंने मौके पर संबंधित अधिकारियों को फोन लगाकर तुरंत समाधान कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने हाइवे से केंद्र तक पहुँचने वाले मार्ग पर संकेतक बोर्ड व स्टॉपर लगाने, किसानों को तौल और खरीदी की प्रक्रिया की पूरी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराने, तथा रकबा समर्पण कार्य को तेजी और पारदर्शिता से करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि—
“खरीदी व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी, सुविधायुक्त और किसान-हितैषी हो। जिले में प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।”
निरीक्षण के दौरान खाद्य अधिकारी कौशल साहू, डीएमओ, समिति प्रबंधक और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।




