बिलासपुर रेल हादसे में जांजगीर-चांपा के रंजीत कुमार की मौत, कलेक्टर ने जताया शोक — प्रशासन ने सम्मानपूर्वक किया अंतिम संस्कार

जांजगीर-चांपा, 05 नवम्बर 2025
बिलासपुर में मंगलवार देर रात हुई भीषण रेल दुर्घटना में जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कोसा (तहसील पामगढ़) निवासी रंजीत कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जिले में शोक की लहर फैल गई।
पामगढ़ के एसडीएम देवेन्द्र चौधरी ने बताया कि रंजीत कुमार का शव बिलासपुर जिला चिकित्सालय में लाया गया, जहाँ पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। अधिकारियों ने संपूर्ण कानूनी और चिकित्सीय औपचारिकताएँ पूरी कर शव को अत्यंत संवेदनशीलता और सम्मानपूर्वक उनके गृह ग्राम कोसा रवाना किया।

ग्राम कोसा पहुँचने पर प्रशासनिक अधिकारियों, तहसीलदार पामगढ़, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में दिवंगत रंजीत कुमार का अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान पूरे गाँव का माहौल शोकाकुल रहा।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने रंजीत कुमार के असामयिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
प्रशासन ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।




