जल संचयन में राष्ट्रीय सम्मान: बलौदाबाजार की महिलाओं को कलेक्टर ने किया सम्मानित, जिले ने देश में हासिल की बड़ी उपलब्धि

लोकेशन: बलौदाबाजार
रिपोर्टर: अनिल कुमार जयसवाल
बलौदाबाजार–भाटापारा जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी कार्यशैली का परचम लहराया है। जिला प्रशासन को “जल संचय जनभागीदारी राष्ट्रीय पुरस्कार 1.0” मिलने के बाद बुधवार को कलेक्टर दीपक सोनी ने जल संरक्षण में अहम योगदान देने वाली विभिन्न महिला समूहों को सम्मानित किया।
महिलाओं को नई दिल्ली से प्राप्त प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान को सार्वजनिक रूप से सराहा गया। इस मौके पर कलेक्टर ने कहा कि जिले की महिलाओं ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई है।

राष्ट्रीय मंच से मिला सम्मान
मंगलवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन के प्लेनरी हॉल में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने बलौदाबाजार जिले को पुरस्कार प्रदान किया।
पूर्वी क्षेत्र के कैटेगरी-2 में जिला द्वितीय स्थान पर रहा, जो प्रशासन और ग्रामीण समुदाय की संयुक्त मेहनत का प्रमाण है।
कलेक्टर दीपक सोनी ने राष्ट्रीय मंच पर यह पुरस्कार ग्रहण किया।
अग्रणी कृषक को भी मिला सम्मान
पलारी विकासखंड के प्रगतिशील किसान वामन टिकरिहा को राज्य स्तर के डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। टिकरिहा का योगदान जल संरक्षण आधारित कृषि मॉडल को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय रहा है।




