कलेक्टर ने ली राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक — लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा | 13 नवम्बर 2025
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और विभागीय कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व से जुड़े प्रकरणों के निराकरण में जनसामान्य को किसी प्रकार की परेशानी न हो, तथा सभी प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, डायवर्सन, त्रुटि सुधार और भू-अर्जन जैसे लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि इनका निपटारा प्राथमिकता से किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
एग्रीस्टैक और आरबीसी 6-4 प्रकरणों पर विशेष जोर
कलेक्टर ने एग्रीस्टैक अंतर्गत ऐसे कृषकों के प्रकरणों को जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए जिनका यूएफआर (UFR) अभी लंबित है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर पूर्ण करें।

उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे राजस्व, कृषि, खाद्य और सहकारिता विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समितियों में नियमित रूप से शिविर लगाएं, ताकि किसानों को मौके पर ही समाधान मिल सके।
कलेक्टर ने आरबीसी 6-4 के प्रकरणों पर भी जोर देते हुए कहा कि सभी लंबित मामलों को एक माह के भीतर निराकरण करें, जिससे पीड़ितों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध हो सके।
किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर महोबे ने कहा कि किसानों को ऋण पुस्तिका और भूमि विवाद संबंधी कार्यों में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि न्यायालयीन प्रकरणों की नियमित ई-कोर्ट के माध्यम से समीक्षा की जाए, ताकि पारदर्शिता और दक्षता बनी रहे।
बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




