जिले में धान खरीदी पर कलेक्टर की सख्ती: सभी केंद्रों का लगातार निरीक्षण, किसानों की सुविधा पर फोकस

सक्ति, 04 दिसम्बर 2025
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर जिलेभर में धान उपार्जन केन्द्रों का सतत निरीक्षण जारी है। धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार केंद्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
निरीक्षण टीम में एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हैं, जो किसानों से धान खरीदी की वास्तविक स्थिति को समझते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाओं का परीक्षण कर रहे हैं।

अधिकारियों द्वारा जिन प्रमुख बिंदुओं की जांच की गई, उनमें शामिल हैं—
पेयजल और बैठने की व्यवस्था
बायोमेट्रिक मशीन की उपलब्धता
विद्युत आपूर्ति
धान की मानक स्टैकिंग व्यवस्था
नए और पुराने जूट बारदाने की मात्रा
तिरपाल व सुरक्षा इंतज़ाम
इसी क्रम में आज एसडीएम डभरा रूपेंद्र पटेल ने छपोरा, देवगांव और नरियरा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। वहीं जनपद पंचायत डभरा के सीईओ ने परसदा तथा जनपद पंचायत मालखरौदा के सीईओ ने पिहरिद केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धान बेचने आने वाले किसी भी किसान को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके लिए सभी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं और खरीदी कार्य के दौरान निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी तय कर दी है और निर्देश दिया है कि निरीक्षण रिपोर्ट प्रतिदिन कलेक्टर कार्यालय को भेजी जाए, ताकि खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी तुरंत दूर की जा सके।




