रायपुर में कल से लागू होगा कमिश्नरेट सिस्टम, 2 हिस्सों में बंटेगी पुलिस व्यवस्था

रायपुर
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। 23 जनवरी 2026 से रायपुर में आंशिक पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू हो जाएगा। गृह विभाग ने इसे लेकर बुधवार शाम आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
नए सिस्टम के तहत रायपुर जिले की पुलिस को दो हिस्सों में बांटा गया है। शहर के 21 थाने पुलिस कमिश्नर के अधीन रहेंगे, जबकि 12 थाने SP (पुलिस अधीक्षक) के नियंत्रण में काम करेंगे। यह व्यवस्था मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर मॉडल पर आधारित है, जहां शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की पुलिसिंग अलग-अलग ढंग से संचालित की जाती है।
शुरुआत में पूरे जिले में कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने की अटकलें थीं। गृहमंत्री विजय शर्मा ने इसका प्रस्ताव मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सामने रखा था। 21 जनवरी की कैबिनेट बैठक में IAS लॉबी के विरोध के चलते चर्चा टल गई थी, लेकिन बाद में भोपाल-इंदौर मॉडल पर सहमति बन गई।
सरकार का मानना है कि इस बदलाव से तेज निर्णय, बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।




