जांजगीर-चांपा

मुकुंद मल्टीप्लेक्स में काम करने वाली युवतियों से मारपीट और देह व्यापार का दबाव, एसपी से की गई शिकायत

चांपा | जांजगीर-चांपा

चांपा स्थित मुकुंद टॉकीज मल्टीप्लेक्स से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कैंटीन में काम करने वाली दो युवतियों के साथ मारपीट, जान से मारने की कोशिश और देह व्यापार के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। इस घटना से जुड़ा वीडियो पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसके बाद मामला और अधिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

पीड़ित युवतियां अंजली कर्व (21 वर्ष) और गिरजा कर्व (18 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मुड़ा, थाना चांपा ने अब इस पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा को सौंपी है। शिकायत में मल्टीप्लेक्स प्रबंधन से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

युवतियों ने बताया कि वे बीते करीब 11 महीनों से मुकुंद मल्टीप्लेक्स की कैंटीन में कार्यरत हैं। इस दौरान कविता यादव नामक महिला द्वारा लगातार उन पर अनैतिक कार्य करने का दबाव बनाया जाता रहा। आरोप है कि उन्हें मल्टीप्लेक्स मालिक से मिलवाने की बात कही जाती थी और इनकार करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती थी। कविता यादव खुद को मल्टीप्लेक्स की मालकिन बताकर डराती थी।

पीड़िताओं के अनुसार 5 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे, कैंटीन में काम के दौरान कविता यादव चाकू और कैंची लेकर पहुंची और गाली-गलौच करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि बाल पकड़कर बेरहमी से मारपीट की गई और शीशे के गिलास व कोल्ड ड्रिंक के कैन फेंककर जान से मारने की कोशिश की गई। इस हमले में दोनों युवतियों को हाथ, पैर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला।

युवतियों का कहना है कि इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। आरोप है कि कविता यादव ने अपनी बहन प्रिया यादव को बुलाया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर युवतियों के रहने के कमरे में घुसकर फिर से गाली-गलौच की और शीशे की बोतल और चाकू से जानलेवा हमला किया। कर्मचारियों की मदद से दोनों की जान बच पाई।

पीड़िताओं का दावा है कि पूरी घटना मल्टीप्लेक्स में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। वहीं शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना की जानकारी देने के बाद मल्टीप्लेक्स प्रबंधन ने फोन उठाना बंद कर दिया और उल्टा युवतियों के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया गया।

मामले को लेकर पीड़ित युवतियों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में थाना प्रभारी चांपा, जेपी गुप्ता ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button