कोरबा में कांग्रेस का सड़क मुद्दे पर हल्ला बोल — भदरापारा चौक में जोरदार प्रदर्शन, प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप

कोरबा
शहर की जर्जर सड़कों और नगर निगम की उदासीनता से नाराज कांग्रेस ने शुक्रवार को भदरापारा चौक, बालको में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस सचिव विकास सिंह के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन पर सड़क सुधार कार्यों में लंबे समय से जारी लापरवाही का आरोप लगाया।
विकास सिंह ने कहा कि शहर की अधिकांश सड़कें पिछले कई महीनों से गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस ने इस महीने शहर के पाँच प्रमुख स्थानों—गौ माता चौक, बलगीखार, रिस्दी चौक, दादरखुर्द और अब भदरापारा चौक—पर लगातार विरोध प्रदर्शन कर सड़क मरम्मत की मांग उठाई है। बावजूद इसके, नगर निगम तरफ से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सिंह ने कहा कि प्रशासन की चुप्पी नागरिकों के आक्रोश को और बढ़ा रही है।

नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने भी निगम प्रशासन और सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कोरबा नगर निगम और डीएमएफ के पास करोड़ों रुपये का प्रावधान होने के बावजूद शहर की सड़कें बदहाल हैं। साहू ने तंज कसते हुए कहा कि “ट्रिपल इंजन सरकार होने के बावजूद कोरबा की सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में बदल गई हैं।”
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कोरबा की सड़कों को तत्काल सुधारने की मांग दोहराई।




