
धमतरी। नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को अदालत से राहत मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कांग्रेस पार्टी ने भाजपा कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
भाजपा कार्यालय की ओर मार्च के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सिहावा विधायक अंबिका मरकाम और पूर्व विधायक लेखराम साहू नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पैर बैनर में फंसने से दोनों संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े। इस घटना में उन्हें हल्की चोट आई, हालांकि बाद में दोनों फिर से प्रदर्शन में शामिल हो गए।
भाजपा कार्यालय के पास पहुंचते ही माहौल और तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने पहले से कई स्तरों में बैरिकेडिंग कर रखी थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक साजिश करार दिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नेशनल हेराल्ड मामले में की गई कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर विपक्ष को दबाने के उद्देश्य से की गई है।
प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए इलाके में यातायात प्रभावित रहा, जबकि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया।




